देश

Presidential Election: शिबू सोरेन का बड़ा एलान, NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी झारखंड मुक्ति मोर्चा

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्षी खेमा अलग-थलग पड़ता नजर आ रहा है. शिवसेना, टीडीपी के बाद अब झारखंड में सत्तारूढ़ JMM ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) को समर्थन देने का एलान किया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बयान जारी कर कहा, ”आगामी राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं. आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त होने वाला है.”

जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन ने बयान जारी कर कहा, ”अतएव सम्यक् विचारोपरांत पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लेती है. आप सभी सांसदों और विधायकों को निर्देशित किया जाता है कि राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे.”

कांग्रेस-JMM का है गठबंधन

झारखंड में हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के नेतृत्व में कांग्रेस और जेएमएम गठबंधन की सरकार है. कांग्रेस विपक्षी दलों के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रही है. पिछले ही दिनों जब राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रचार के सिलसिले में द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) रांची पहुंचीं तो सोरेन ने खुद उनका स्वागत किया. इसके बाद से ही समर्थन देने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी.

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को वोट डाले जाएंगे. इस चुनाव में द्रौपदी मुर्मू आसान जीत दर्ज करती हुई दिख रही हैं.

Related Articles

Back to top button