politics

भगवा के आगे सबका रंग पड़ा फीका : भाजपा की होली गुलजार, सपा-रालोद, बसपा व कांग्रेस की बदरंग

विस्तार

यूपी विधानसभा चुनाव में और चटख हुए भगवा रंग के सामने बाकी दलों के रंग फीके पड़ गए। बृहस्पतिवार को आए चुनाव नतीजों ने जहां सपा-रालोद, बसपा और कांग्रेस की होली बदरंग कर दी वहीं भाजपा खेमे को रंगों से सराबोर कर दिया। भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने चुनावी मैदान फतह करके विपक्ष को तगड़ा झटका दिया है। खास तौर पर सत्ता की दौड़ में शामिल सपा-रालोद खेमा सदमे में है। प्रदेश के चुनावी महासमर के नतीजे आने के बाद कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल है।

अपेक्षा से कहीं ज्यादा अच्छे नतीजे आने से जहां भाजपाइयों के  चेहरों पर रौनक है तो सपा, कांग्रेस व बसपा के समर्थक बेहद मायूस हैं। नतीजों का असर सियासी पार्टियों के दफ्तरों पर भी नजर आ रहा है। भाजपा कार्यालय में उत्साही कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं तो सपा, रालोद, बसपा व कांग्रेस के दफ्तरों व नेताओं के  घरों पर सन्नाटा पसरा है। चुनाव नतीजे सपा-रालोद गठबंधन के लिए बड़ा झटका साबित हुए हैं। हालांकि चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा के कई बड़े नेता इस बार विधानसभा की चौखट तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सके लेकिन कुल मिलाकर पार्टी की जबर्दस्त कामयाबी ने इस जख्म पर मरहम लगा दिया।

Related Articles

Back to top button