india

वैगनर समूह: रूस के किराए के हत्यारे, जिन्हें दिया गया है यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या का जिम्मा, खतरनाक इतने की यूरोप ने भी किया बैन

विस्तार

रूस की तरफ से यूक्रेन पर हमले को अब पांच दिन बीत चुके हैं। इसके बावजूद रूसी सेना अब भी यूक्रेन की राजधानी कीव को घेरकर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के रास्ते बंद नहीं कर पाई है। चार दिशाओं से हमला कर रही रूसी सेना को अब तक यूक्रेन के खिलाफ उम्मीद के मुताबिक सफलता भी नहीं मिली है। इसी के चलते अब रूस की तरफ से यूक्रेन के राष्ट्रपति को ही निशाना बनाने की सुपारी दी गई है। बताया गया है कि रूस ने किराए पर काम करने वाले हत्यारों के एक समूह- वैगनर ग्रुप को जेलेंस्की की हत्या का जिम्मा सौंपा है।

क्या है वैगनर ग्रुप?
वैगनर ग्रुप पर रूस की सरकार के लिए गुपचुप तरीके से काम करने का आरोप लगता रहा है। इस समूह को रूस की निजी सैन्य कंपनी के तौर पर जाना जाता है। इस संगठन पर दुनियाभर के अलग-अलग देशों में रूसी सरकार के लिए छद्म युद्ध लड़ने के आरोप भी लगे हैं। खासकर लीबिया, सीरिया, मोजाम्बिक, माली, सूडान और मध्य अफ्रीका के देशों में यह समूह गृह युद्ध का भी हिस्सा रहा है। 2015 से 2018 के बीच वैगनर ग्रुप रूस की सेना और बशर अल-असद की टुकड़ियों के साथ भी लड़ा है।

कौन है इस संगठन का सरगना?
वैगनर ग्रुप का सरगना दिमित्री उत्किन है, जो कि पहले रूसी सेना में लेफ्टिनेंट रह चुका है और रूसी संघ की खुफिया एजेंसी- जीआरयू में भी काम कर चुका है। माना जाता है कि उसने ही 2014 में इस संगठन की खोज की थी और क्रेमलिन से संपर्क में रखा। हालांकि, रूस की तरफ से इस संगठन से संबंध होने की बात हमेशा से नकारी जाती रही है।

Related Articles

Back to top button