Delhi

आगरा: अब पुलिस लाइन से होगा जाम का इलाज, ‘तीसरी आंख’ से सड़कों और चौराहों पर रहेगी नजर

विस्तार

आगरा में अब पुलिस लाइन से शहर का यातायात नियंत्रित होगा। एसपी यातायात के कार्यालय में स्मार्ट सिटी का मिनी कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। तीसरी आंख से सड़कों और चौराहों पर नजर रखी जाएगी। यातायात नियमों के उल्लंघन पर यहीं से चालान काटा जाएगा। जाम की शिकायत पर निदान की कवायद होगी। मिनी कंट्रोल रूम मार्च के दूसरे हफ्ते में शुरू करने का दावा किया जा रहा है।

स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम नगर निगम में बना हुआ है। यहां पर अलग-अलग विभाग के कर्मचारी बैठते हैं। कैमरों की लाइव फुटेज कंट्रोल रूम में उपलब्ध होती है। यातायात नियमों के उल्लंघन, अपराधियों की पहचान से संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए जाते हैं। इसमें कई बार समय लग जाता है।

पुलिस सीधे फुटेज देख सके और उस आधार पर समय से प्रभावी कार्रवाई के लिए अब पुलिस लाइन स्थित एसपी यातायात के कार्यालय में मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के मिनी कंट्रोल रूम से 45 चौराहे कनेक्ट रहेंगे। इसमें कैमरों का लाइव एक बड़ी स्क्रीन पर पुलिसकर्मी देख सकेंगे।

जाम की सूचना पर पहुंचेगा फ्लाइंग स्क्वायड

एसपी यातायात अरुण चंद ने बताया कि चौराहों पर जाम लगने पर पहले स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम पर फोन किया जाता है। वहां से यातायात पुलिस को जानकारी मिलती है। इस बीच जाम की समस्या और बढ़ जाती है। स्मार्ट सिटी का मिनी कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में बनने से जाम की शिकायत न सिर्फ सीधे उनके पास ही आएगी, बल्कि लाइव देखकर समस्या का निदान भी कराया जा सकेगा।

सूचना मिलने पर फ्लाइंग स्क्वैड को तत्काल भेजा जाएगा। वाहनों का दबाव कितना है? कितनी फोर्स की जरूरत है? यह भी आसानी से दिख जाएगा। कंट्रोल रूम का कार्य शुरू करा दिया गया है। मार्च के दूसरे हफ्ते में यह काम करना शुरू कर देगा।

शिफ्ट में लगेगी ड्यूटी

एसपी यातायात ने बताया कि कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी शिफ्ट के हिसाब से लगेगी। सुबह आठ से दोपहर दो बजे, दो बजे से रात आठ बजे तक और रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक की शिफ्ट होगी। हर शिफ्ट में दो कर्मचारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button